Pushta Road To Connect With Yamuna Expressway Direct Connectivity To Kalindi Kunj And Noida Airport
यमुना एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगी पुस्ता रोड
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
यमुना नदी की पुस्ता रोड को अब सीधे यमुना एक्सप्रेसवे से कनेक्ट किया जाएगा। ये रोड नोएडा के सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक बनी हुई है। इसी का 10 किलोमीटर विस्तार कर यमुना एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी दी जाएगी। इसे बनने के बाद यमुना एक्सप्रेसवे से सीधे कालिंदी कुंज पहुंचा जा सकेगा। चार लेन के इस मार्ग के निर्माण पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण की जिम्मेदारी सिंचाई विभाग की होगी, जबकि बजट नोएडा प्राधिकरण उपलब्ध कराएगा। इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी के पैरलल एलिवेटेड रोड भी बनाई जानी है जो नोएडा एयरपोर्ट को कनेक्ट करेगी। नोएडा की मौजूदा पुस्ता रोड सेक्टर-94 से शुरू होकर सेक्टर-135 स्थित एडवेंट बिल्डिंग तक जाती है। नोएडा एक्सप्रेसवे के आसपास स्थित कार्यालयों में जाने वाले लोग इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। दरअसल इस रोड की रिसर्फेसिंग का काम पहले से ही प्रस्तावित है। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण करीब 34 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। सिंचाई विभाग को काम शुरू करने के लिए 11 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। जल्द ही इसका काम शुरू होने जा रहा है। इसी को लेकर नोएडा प्राधिकरण और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। तय किया गया कि जब सड़क की मरम्मत की जा रही है, तो इसका विस्तार भी किया जा सकता है। इससे यमुना एक्सप्रेस-वे को नया कनेक्शन मिलेगा और बंधे की लंबाई बढ़ने से आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा भी कम होगा। नई प्लानिंग के तहत पुश्ता रोड को सेक्टर-135 से बढ़ाकर सेक्टर-150 होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे तक जोड़ा जाएगा। यहां रोटरी बनाकर इसे एक्सप्रेसवे से कनेक्ट किया जाएगा।