Rajkiya Balika Gomti Nagar Wins Double Title In Handball Selection For Divisional Competition Begins
राजकीय बालिका गोमती नगर ने जीता दोहरा खिताब
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : काली चरण इंटर कॉलेज चौक में गुरुवार को आयोजित जनपदीय विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में स्कूली छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में गोमती नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और संस्कृत पाठशाला सदर की टीमों का दबदबा रहा। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोमती नगर ने U-17 और U-14 वर्ग में दोहरा खिताब अपने नाम किया, जबकि U-19 वर्ग में संस्कृत पाठशाला इंटर कॉलेज सदर ने खिताबी जीत दर्ज की। वहीं, बालक वर्ग में पर्याप्त टीमें न पहुंचने के चलते निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के जरिए मंडलीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया।
एक दिवसीय जनपदीय प्रतियोगिता के बालक वर्ग के मुकाबलों की मेजबानी काली चरण इंटर कॉलेज चौक ने की, जबकि बालिका वर्ग के मैचों का आयोजन पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल अन्यैया खरगापुर के मैदान पर हुआ। प्रतियोगिता में कुल दस विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित बालक और बालिका खिलाड़ी आगामी 11 और 12 अगस्त को लखीमपुर में आयोजित होने वाली मंडलीय विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में लखनऊ जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।