Congress West Up In charge And Co in charge Removed After Allegations Of Fund Embezzlement
कांग्रेस के वेस्ट यूपी प्रभारी और सह प्रभारी पर लगे थे फंड में गड़बड़ी के आरोप
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n टीम NBT, नोएडा/बुलंदशहर
यूपी कांग्रेस में विधानसभा चुनाव से पहले हुए बड़े बदलाव में वेस्ट यूपी प्रभारी प्रदीप नरवाल और सह-प्रभारी धीरज गुर्जर को हटाए जाने पर चर्चा ज्यादा है। लोकसभा चुनाव के दौरान 2024 में बुलंदशहर के प्रत्याशी शिवराम वाल्मीकि ने धीरज गुर्जर पर फंड गबन करने के आरोप लगाए थे। उस समय इसके विडियो वायरल हुए थे। ग्रेनो के पूर्व कांग्रेस नेता वीरेंद्र गुड्डू ने भी तमाम आरोप लगाए थे। यूपी में बदली गई पूरी टीम प्रियंका गांधी की थी। अब यूपी में टीम राहुल बनी है। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी को सीधी रिपोर्टिंग होने के कारण पार्टी के बड़े पदाधिकारी भी इस टीम से असहज थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने बुलंदशहर लोकसभा सीट से शिवराम वाल्मीकि को उम्मीदवार बनाया था। चुनाव के दौरान प्रत्याशी ने सह-प्रभारी धीरज गुर्जर और प्रभारी प्रदीप नरवाल पर पार्टी से आवंटित लाखों रुपये के चुनावी फंड के गबन का आरोप लगाया था। शिवराम वाल्मीकि ने बताया कि उन्होंने पार्टी हाईकमान को पत्र लिखकर शिकायत की थी कि चुनावी फंड का दुरुपयोग किया गया, जिससे उन्हें चुनाव प्रचार और प्रबंधन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि वोटिंग से 4 दिन पहले प्रत्याशी ने अपना चुनाव प्रचार फंड की वजह से बंद कर दिया था। दोनों नेताओं पर नोएडा, मेरठ और बुलंदशहर सहित पश्चिमी यूपी के कई जिलों में कार्यकर्ताओं के साथ तानाशाही रवैया अपनाने और उन्हें परेशान करने के भी आरोप थे। नोएडा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह गुड्डू ने इन नेताओं की कार्यशैली के खिलाफ मोर्चा खोला था।