चंगाई सभा में धर्म परिवर्तन की आशंका पर हंगामा

Contributed byRishi.Sengar|नवभारतटाइम्स.कॉम
changai sabha controversy bajrang dal detains pastor amidst conversion allegations
nNBT न्यूज, मोहनलालगंज : नयाखेड़ा गांव में रविवार को आयोजित चंगाई सभा को लेकर उस समय भारी हंगामा हो गया, जब बजरंग दल और श्री राम सनातन सेवा समिति के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने सभा में पहुंचे लोगों को बीमारी ठीक करने और संतान प्राप्ति जैसे प्रलोभन देकर कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने पीजीआई निवासी पादरी चंद्रिका प्रसाद, उनकी पत्नी रामादेवी सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। पादरी के पास से पुलिस को डायरी, दस्तावेज और धर्म विशेष से जुड़ी किताबें मिली हैं। श्री राम सनातन सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष विमलेश शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पादरी व उनकी पत्नी चंगाई सभा कर लोगों को बुलाते हैं और उनका ब्रेन वॉश कर बीमारी ठीक होने व संतान प्राप्ति का झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराते हैं। बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख धर्मेंद्र शर्मा भी कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में शामिल रहे। वहीं चंद्रिका प्रसाद ने धर्म परिवर्तन कराने के आरोपों को गलत बताया।
क्या है चंगाई सभा?

चंगाई सभा एक धार्मिक और आध्यात्मिक सभा होती है जहां विशेष रूप से बीमारी, मानसिक तनाव या अन्य कष्टों से मुक्ति पाने के लिए परमेश्वर या यीशु मसीह के नाम पर सामूहिक प्रार्थना की जाती है। इसमें लोग अटूट विश्वास के साथ शामिल होते हैं और चंगाई या आशीष प्राप्त करने की उम्मीद रखते हैं।