सावन झूलनोत्सव में चांदी के पालने में विराजेंगे रामलला

नवभारतटाइम्स.कॉम
सावन झूलनोत्सव में चांदी के पालने में विराजेंगे रामलला
nNBT न्यूज, अयोध्या: मंदिर ट्रस्ट की नवगठित धार्मिक समिति की रविवार को पहली बैठक हुई। इसमें सावन मेला के झूलनोत्सव में रामलला को चांदी के पालने में बैठाने का निर्णय लिया गया। वहीं, समिति के सदस्य आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण ने कहा कि मौलिक रूप से मंदिरों को सीईओ के जरिए नहीं चलाया जाना चाहिए। हालांकि यह भी कहा कि सीईओ की नियुक्ति का कोई विरोध नहीं करेंगे।

धार्मिक समिति की बैठक श्री रामवल्लभा कुंज मंदिर में करीब 3 घंटे चली। इसमें ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन, समिति सदस्य मिथिलेश नंदिनीशरण, महंत रामानंद दास महंत राजकुमार दास समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। समिति के अध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी ऑनलाइन जुड़े। महंत रामानंद दास ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को शाम लगभग 5 बजे राम मंदिर के गर्भगृह से गाजे-बाजे के साथ भगवान राम लला की पालकी यात्रा निकाली जाएगी। मणिपर्वत पर होने वाले झूलनोत्सव में अयोध्या के प्रमुख मंदिरों के विग्रहों को गाजेबाजे के साथ रथ पर सवार कर ले जाया जाएगा। इस बीच ट्रस्ट की 2 सितंबर की बैठक को लेकर भी तैयारी चल रही है। सीईओ के पद के लिए आए 5200 आवेदनों को शॉर्ट लिस्ट करते हुए इंटरव्यू शुरू हो गए हैं।