Youth Jumps Into Agra Canal Leaving Kanwar Sdrf Teams Search For 45 Km Remains Fruitless
कांवड़ छोड़कर आगरा नहर में कूदा युवक, SDRF तलाश में जुटी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
पल्ला थानाक्षेत्र में पुराना पल्ला पुल ऐतमादपुर के पास शनिवार दोपहर कांवड़ लेकर लौट रहे एक युवक ने अचानक आगरा नहर में छलांग लगा दी। युवक की पहचान एनआईटी-5 निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कराई। बाद में स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन रविवार तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। जानकारी के अनुसार, जितेंद्र 31 जुलाई को अपने दो दोस्तों के साथ कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। तीनों कांवड़ लेकर पैदल फरीदाबाद लौट रहे थे। शनिवार दोपहर वे पुराना पल्ला पुल ऐतमादपुर के पास पहुंचे। बताया गया है कि इस दौरान जितेंद्र ने अपने परिजनों से फोन पर बात की और इसके बाद मोबाइल बंद कर लिया।कुछ देर बाद उसने अपनी कांवड़ सड़क किनारे रख दी और अचानक आगरा नहर में छलांग लगा दी। उसके दोनों साथी और आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पल्ला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नहर में तलाश शुरू कराई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। एसडीआरएफ इंचार्ज जितेंद्र कालीरमन ने बताया कि रविवार को टीम ने बोट की मदद से घटनास्थल से करीब 40 से 45 किलोमीटर दूर पलवल के किठवाड़ी पुल तक नहर में तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। टीम लगातार तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र ने नहर में छलांग क्यों लगाई, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस उसके साथ गए लड़कों से भी पूछताछ कर रही है। आसपास के थानों को भी इसकी सूचना दी गई है।