करोड़ों के फ्लैट, पार्क तक नहीं, बारिश में घर से निकलना मुश्किल

नवभारतटाइम्स.कॉम
noida flats worth crores but no park difficult in rain danger to life from stp
n NBT न्यूज, नोएडा

सेक्टर-150 स्थित एल्डिको लाइव बाय द ग्रीन सोसायटी में करोड़ों रुपये के फ्लैट होने के बावजूद निवासी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। सोसायटी में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के टहलने के लिए पार्क तक नहीं है। ऐसे में लोग सोसायटी की सड़कों पर घूमने को मजबूर हैं, जहां दिनभर वाहन चलते रहते हैं। रविवार को एनबीटी संवाद कार्यक्रम में निवासियों ने बिल्डर और नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ नाराजगी जताई।
निवासियों का आरोप है कि फ्लैट बेचते समय बिल्डर ने पार्क, क्रिकेट ग्राउंड, साफ पानी, फायर सेफ्टी और ग्रीन बेल्ट समेत कई सुविधाएं देने का दावा किया था। फ्लैट खरीदने के बाद इनमें से कई सुविधाएं धरातल पर नहीं मिलीं। शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हुआ। बारिश के दौरान सोसायटी में जलभराव की समस्या और बढ़ जाती है। पानी और कीचड़ के कारण लोगों को घरों से निकलने में परेशानी होती है। उनका कहना है कि गंदे पानी की वजह से बच्चे भी बीमार पड़ रहे हैं।

निवासियों के लिए खतरा बना STP

बिल्डर की तरफ से एसटीपी बेसमेंट में बना रखा है। साथ ही प्लांट के पास ही पार्किंग बनी हुई। हालांकि इस प्लांट में गिरकर बीते दिनों लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसके कारण लोगों के मन में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है जहां एसटीपी प्लांट लगा हुआ है,वहीं पार्किंग बना रखी,जो कभी भी किसी की जान ले सकती है। वहीं नेटवर्क नहीं आने की वजह से लोगों किसी को मदद के लिए भी नहीं बुला सकते, लेकिन बिल्डर को इससे कोई मतलब नहीं है।