ट्रैफिक, नशे पर उठे सवाल, मिला कार्रवाई का भरोसा

नवभारतटाइम्स.कॉम
questions raised on traffic and intoxication in dwarka police announce action
n नवीन निश्चल, द्वारका

थाना द्वारका साउथ इलाके में NBT सुरक्षा कवच कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर 9 स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी के ऑडिटोरियम में रविवार को किया गया। इसमें द्वारका की अलग-अलग सोसाइटी, कॉलोनी, DDA फ्लैट्स में रहने वाले काफी संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और फायर अधिकारियों से सीधे बात की और इलाके की तथा संबंधित विभागों से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा दिलाया।
DCP द्वारका कुशल पाल सिंह ने कहा कि रेहड़ी-पटरी गलत तरीके से नहीं लगेगी। जिनके पास लाइसेंस है, उन्हें दिक्कत नहीं होगी। किसी के पास कोई गलत चीज को लेकर इनपुट होता है, तो वह जरूर पुलिस को बताएं। सुरक्षा से समझौता नहीं होगा। गैरकानूनी रूप से रहने वालों और गलत काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि कुछ क्राइम ऐसे हैं, जिनपर तुरंत एक्शन होता है। कुछ में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाती है। सिक्योरिटी ऑडिट पर द्वारका पुलिस का पूरा फोकस है। पार्क में भी सेफ्टी का पूरा ध्यान है। खुले में शराब पीने वालों का चालान भी करते हैं। रॉन्ग साइड चलने वालों पर FIR भी दर्ज करते हैं। स्कूल, हॉस्पिटल और सोसाइटी की कपैसिटी के हिसाब से गाड़ियों की संख्या बढ़ गई है, इस वजह से सर्विस रोड पर पार्किंग है। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम बड़ा क्राइम है, जो दिखता नहीं है। डार्क एरिया की रिपोर्ट LG तक भेजते हैं। जिस जगह शोरूम की गाड़ियां सड़क को घेरकर खड़ी हैं, वहां एक्शन होगा। यह सिर्फ चालान तक ही सीमित नहीं रहेगा। नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर ऑर्गनाइज्ड क्राइम पर हमारी जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है।

सभा में ऑल द्वारका रेजिडेंट फेडरेशन की सीनियर वाइस प्रेजिडेंट निधि गुप्ता ने कहा कि 1930 पर फोन कभी समय पर नहीं लगता। ऑल द्वारका रेजिडेंट फेडरेशन के वाइस प्रेजिडेंट अमन शर्मा ने द्वारका के कई मुद्दों को पुलिस के सामने गंभीरता से उठाया।