Simple Kanwar Devotees Abandon Heavy Decoration Pledge For Environmental Protection
भारी कांवड़ छोड़ सादगी की राह पर शिवभक्त
नवभारतटाइम्स.कॉम•
गंगोत्री से गंगाजल लेकर पैदल लौट रहे दादरी के करीब 50 श्रद्धालु, पर्यावरण संरक्षण का दे रहे संदेश
NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडाग्रेटर नोएडा के शिवभक्त इस बार भारी-भरकम और सजावटी कांवड़ के बजाय सादगीपूर्ण और ईको-फ्रेंडली कांवड़ लेकर लौट रहे हैं। गंगोत्री धाम से गंगाजल लेकर आ रहे दादरी के कठेहरा गांव के श्रद्धालुओं की कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। साधारण और भगवा कपड़े से तैयार इस कांवड़ में गंगाजल से भरी झोली को कपड़े में लपेटकर रखा गया है। ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ पैदल चल रहा श्रद्धालुओं का यह समूह धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश भी दे रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रकृति की रक्षा करना भी धार्मिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। गौमुख-गंगोत्री कांवड़ यात्रा का नेतृत्व कैलाश भाटी कर रहे हैं।
सादगीपूर्ण कांवड़ के साथ यात्रा का संकल्प
भाजपा उपाध्यक्ष व बीडीसी मनीष भाटी ने बताया कि इस बार करीब 50 श्रद्धालुओं ने सादगीपूर्ण कांवड़ के साथ यात्रा करने का संकल्प लिया है। श्रद्धालु दुर्गम पहाड़ी रास्तों से पैदल सफर कर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि कांवड़ यात्रा सिर्फ आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का माध्यम भी है। श्रद्धालु 11 अगस्त को गंतव्य पर पहुंचकर गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।