Cyber Thugs Extorted And Released Fraudsters 3 Policemen Suspended 6 Line hazir
साइबर ठगों से वसूली कर छोड़ा, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 6 लाइनहाज़िर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : विभूतिखंड में समिट बिल्डिंग में साइबर फ्रॉड के लिए चलाए जा रहे फर्जी इंटरनैशनल कॉल सेंटर के भंडाफोड़ के मामले में 3 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं 6 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। इन पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि फर्जी कॉल सेंटर से पकड़े गए कुछ साइबर जालसाजों को छोड़ दिया गया था। एडीसीपी क्राइम का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है। जांच प्रभावित न हो इसलिए आरोपित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है।
विभूतिखंड में समिट बिल्डिंग में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर 'Solaris Solution' में 1 जुलाई को छापेमारी करके पुलिस ने दो ऑपरेशन मैनेजर गुजरात के अहमदाबाद निवासी ललित खैराजानी और विक्रम सिंह परमार को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात, मेघालय, असम, राजस्थान, उत्तराखंड,झारखंड, पश्चिम बंगाल , दिल्ली, मध्य प्रदेश , मिजोरम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और उत्तर प्रदेश के 117 अन्य लोगों को पकड़ा गया था। पुलिस ने इस मामले में गुजरात के अहमदाबाद निवासी सरगना विनीत धर्मेंद्र वशिष्ठ,उसकी गर्लफ्रेंड रिंकी दास गुप्ता और अहमदाबाद निवासी नायकर जयराज को कोलकाता से गिरफ्तार किया था। इसके अलावा एक अन्य आरोपित गुजरात स्थित खम्भात,आनंद, निवासी पद्मशाली नीतेशभाई को भी गिरफ्तार किया गया है। इस गिरोह ने अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाते हुए 250 करोड़ रुपये से अधिक का साइबर फ्रॉड किया था।