Debt ridden Cloth Merchants Body Found In Gomti River Suspicion Of Rs 2 Crore Fraud
कर्ज से परेशान कपड़ा कारोबारी का शव गोमती नदी में मिला
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : बाजारखाला इलाके से पिछले पांच दिनों से लापता कपड़ा कारोबारी का शव मंगलवार सुबह ठाकुरगंज क्षेत्र में गोमती में मिला।
नादान महल रोड निवासी मो. अर्शी उर्फ पप्पू (40) कपड़ा कारोबारी थे। उनके भाई राजू के मुताबिक, 6 अगस्त को अर्शी काम के सिलसिले में घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। तलाश के बाद जब परिवारीजन नक्खास पुलिस चौकी पहुंचे, तो पुलिसकर्मियों ने 24 घंटे बाद गुमशुदगी दर्ज कराने को कहा। इस बीच मंगलवार सुबह कुड़ियाघाट के पास गोमती नदी में एक युवक का शव उतराता मिला। पुलिस ने शव को लावारिस में दर्ज कर पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया, वहां परिवारीजनों ने कपड़ों के आधार पर अर्शी के रूप में शिनाख्त की। उनका एक साथी कारोबार का झांसा देकर 2 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया था। ठाकुरगंज थाना प्रभारी ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। बाजारखाला थाना प्रभारी बृजेश सिंह के मुताबिक घरवालों ने फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी है।