उज्बेकिस्तान की महिला को आईबी ने पुलिस को सौंपा

नवभारतटाइम्स.कॉम
उज्बेकिस्तान की महिला को आईबी ने पुलिस को सौंपा
n NBT न्यूज, सुशांत गोल्फ सिटी

बीते 20 जून 2025 से फरार चल रही उज्बेकिस्तान निवासी विदेशी महिला को मंगलवार को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) ने कस्टडी में लेकर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस के हवाले कर दिया। महिला पर बिना वीजा-पासपोर्ट भारत में रहकर विदेशी युवतियों से स्पा और मसाज पार्लर में काम कराने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, ओमेक्स आर-वन और ओमेक्स न्यू हज़रतगंज के फ्लैट नंबर-527 (जो डॉ. विवेक गुप्ता का है) में 20 जून की देर रात पुलिस और FRRO की संयुक्त टीम ने छापा मारा था। वहां से बिना वैध दस्तावेज के रह रही उज्बेकिस्तान की दो युवतियां पकड़ी गई थीं, जिनमें से एक के खिलाफ उज्बेकिस्तान से लुकआउट नोटिस भी जारी था।

चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी कराकर छिपाया था वजूद : जांच में सामने आया कि आरोपित महिला युवतियों को भारत लेकर आई थी और उन्हें अर्जुन राणा के जरिए पत्रकारपुरम निवासी डॉ. विवेक गुप्ता (जिनका पत्रकारपुरम और अहिमामऊ में मिनर्वा नाम से क्लीनिक है) से मिलवाया था। आरोप है कि डॉ. विवेक ने मोटी रकम लेकर युवतियों की प्लास्टिक सर्जरी की और उनकी पहचान बदल दी। इसके बाद युवतियां डॉक्टर के ही फ्लैट में रहकर स्पा सेंटर में काम करने लगीं।

मामले में पुलिस ने डॉ. विवेक गुप्ता, त्रिजिन राज उर्फ अर्जुन राणा और महिला लोला समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। डॉक्टर और अर्जुन राणा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि फरार चल रही मुख्य आरोपी महिला को अब आईबी ने पकड़कर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया है।