घटिया क्वॉलिटी के शक में 350 किलो घेवर और मावा किया जब्त

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad 350 kg ghevar and mawa seized on suspicion of poor quality raid on unlicensed workshop
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

गांव मछगर में बिना वैध लाइसेंस के घेवर तैयार किए जाने की सूचना पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को एक वर्कशॉप का औचक निरीक्षण किया। टीम को मौके पर करीब 150 किलो सादा घेवर, 200 किलो मावा घेवर और बड़ी मात्रा में मीठा मावा मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मावा घेवर और मीठे मावा के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता फरीदाबाद को सूचना मिली थी कि मोहना रोड स्थित गांव मछगर में ‘गोहाना वालों’ के नाम से देशी घी का घेवर तैयार किया जा रहा है और इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का वैध लाइसेंस नहीं लिया गया है। सूचना के आधार पर डीएसपी विवेक चौधरी के नेतृत्व में टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पुनीत शर्मा के साथ वर्कशॉप का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान वर्कशॉप में करीब 150 किलो सादा घेवर, 200 किलो मावा घेवर और मीठा मावा रखा हुआ मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मावा घेवर और मीठे मावा के एक-एक सैंपल लिए हैं। इनकी जांच प्रयोगशाला में कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग आगे की कार्रवाई करेगा। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम में शामिल अधिकारियों के अनुसार बिना लाइसेंस घेवर तैयार किए जाने के संबंध में नियमानुसार नोटिस की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि गुणवत्ता में कोई गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।