Police Tightens Grip On Ganja Smugglers In Noida Two Teams Formed Arrests Imminent
गांजा तस्करों पर शिकंजे की तैयारी, दो पुलिस टीमें गठित
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT न्यूज, नोएडा : एनबीटी के स्टिंग ऑपरेशन के बाद नोएडा में खुलेआम गांजा बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एडीसीपी मनीषा सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं। हालांकि, बुधवार देर रात तक दोनों टीमें किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थीं।
मंगलवार को एनबीटी की टीम ने शहर में बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर सेक्टर-51, सेक्टर-4 और सर्फाबाद में स्टिंग ऑपरेशन किया था। इसमें नशा कारोबारी खुलेआम गांजा बेचते नजर आए थे। एनबीटी में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं। खबर सामने आने के बाद लोगों ने भी सोशल मीडिया पर नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।