BJP ने निकाली तिरंगा यात्रा

Contributed byShyam.Vir|नवभारतटाइम्स.कॉम
grand tiranga yatra by bjp in noida greater noida flood of patriotism
टीम NBT, नोएडा /ग्रेटर नोएडा

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बीजेपी की ओर से गुरुवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तिरंगा यात्रा निकाली गई। ग्रेटर नोएडा में आईआईएमटी कॉलेज से विशाल तिरंगा यात्रा शुरू हुई जो शहर में घूमी। यात्रा में मुख्य अतिथि बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी रहे। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की गौरवशाली विरासत, बलिदान और करोड़ों भारतीयों की एकता का प्रतीक है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की एकता और अखंडता का संदेश देती है। प्रदेश मंत्री महामेधा नागर ने कहा कि तिरंगा युवाओं में राष्ट्रभक्ति की नई ऊर्जा पैदा करेगा। जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी एवं विधायक नरेंद्र भाटी और जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी आदि इसमें मौजूद रहे। उधर नोएडा में प्रतीक वेस्टीरिया, सेक्टर-77 से स्पेक्ट्रम मॉल सेक्टर 75 तक उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा विधायक पंकज सिंह की अगुवाई में महानगर अध्यक्ष महेश चौहान ने तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में अद्भुत झांकियां निकाली गई। इस दौरान कुंवर ब्रजेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत आत्मविश्वास के साथ विश्व पटल पर आगे बढ़ रहा है।