किशोरी को ब्लैकमेल कर 50 लोगों से कराया यौन शोषण

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad minor girl sexually exploited by 50 people after blackmail youth trapped her with promise of marriage
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

धौज थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि किशोरी को शादी का झांसा देकर युवक ने पहले अपने जाल में फंसाया, फिर रेप किया और बाद में उसका अश्लील विडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। धमकी देकर कई महीनों तक उसका शोषण किया गया। यही नहीं 50 के करीब लोगों से उसका रेप भी कराया गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी तारीफ, फिरोज और सौरभ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में बताया गया कि करीब दो साल पहले नूंह में उनकी बेटी की पहचान एक युवक से हुई थी। दोनों आपस में बात करते थे। आरोपी युवक तारीफ ने पहले उसे मिलने के लिए मजबूर किया। एक जुलाई को आरोपी बिजली का तार पकड़कर जाने देने का डर दिखाकर अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उसे कार में ले गया। उसने किशोरी को शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसकी अश्लील विडियो भी बना ली गई।

होटलों में ले जाकर बनाया शिकार, नशीली दवा देने का भी आरोप : शिकायत में पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को 8-9 दिनों तक अलग वाहनों में घुमाया गया। इस दौरान उसके साथ जबरदस्ती की गई। विरोध करने पर उसे बताया गया कि इसके लिए पैसे दिए जा चुके हैं। आरोप है कि बाद में किशोरी को सोहना, नूंह और किशनगढ़ क्षेत्र के कुछ होटलों में भी ले जाया गया। वहां आरोपी लोगों से पैसे लेकर बेटी को उनके हवाले करता था। मां का दावा है कि 50 लोगों ने बेटी के साथ गलत काम किया। पीड़िता की मां का यह भी आरोप है कि आरोपी उनकी बेटी को नशीली गोलियां देता था ताकि वह विरोध न कर सके। तबीयत खराब होने या पेट में दर्द होने पर उसे केवल दवाएं दिलाकर मामला दबाने का प्रयास किया जाता था।