Noida Airport Waterlogging Two Travellers And One Lift Damaged Repair Work Underway
एयरपोर्ट में जलभराव से दो ट्रेवलर और एक लिफ्ट में आई थी खराबी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा
नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर टैक्सी स्टैंड को टर्मिनल से जोड़ने वाले भूमिगत मार्ग में जलभराव से दो ट्रेवलर और एक लिफ्ट में तकनीकी खराबी आई थी, जिसे तकनीकी टीमों ने दूर करने का काम शुरू कर दिया। इस सब-वे के आसपास के एरिया का ढलान इसी तरह है, इसलिए पानी यहां पर आ गया था। अब यहां पर लैंड स्केपिंग आदि की जाएगी ताकि यह समस्या दोबारा न हो। मंगलवार दोपहर बारिश से लॉन की सतह से बरसाती पानी ढलान वाले हिस्से से बहकर भूमिगत मार्ग में चला गया था। इससे जलभराव हो गया था। कर्मचारियों ने मोटर पंपों का उपयोग कर 30 मिनट से भी कम समय में पानी निकाल दिया था। इस एरिया में ट्रैवलर और लिफ्ट में खराबी आई थी। कर्मचारी ट्रैवलर और लिफ्ट को ठीक करने में जुट गए थे। नोएडा एयरपोर्ट के अधिकारी जलभराव के कारणों की जांच कर रहे हैं। माना जा रहा है कि बारिश के पानी के साथ मिट्टी बहकर आई, जिससे अंडरपास से पानी की निकासी में रुकावट आई। इससे अंडरपास में पानी भर गया था। मरम्मत कार्य की देखरेख कर रहे एक इंजीनियर ने बताया कि एयरपोर्ट नया है और ऐसी समस्याओं का समाधान सामने आते ही किया जा रहा है। जलभराव रोकने के लिए फिर से डिजाइन बनाने और फुटपाथ की ऊंचाई बढ़ाने का फैसला किया है। एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि दुबारा ऐसी समस्या न हो, इसके लिए टेक्निकल टीम काम कर रही है।