Noida Negligence In Gst Consultant Loot Case Sho And Three Policemen Line Hazir
एसएचओ व चौकी इंचार्ज समेत तीन लाइन हाजिर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नोएडा
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जीएसटी कंसल्टेंट से लूट मामले में बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद अब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बिसरख थाना प्रभारी, राइस चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर दिया है। गुरुवार को तीनों को कार्यभार से मुक्त कर पुलिस लाइन भेज दिया गया। जानकारों के मुताबिक पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने और घटना वरिष्ठ अधिकारियों से छुपाने की वजह से तीनों पर कार्रवाई की गई।अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित इनके पास शिकायत लेकर पहुंचा तो मामले को गंभीर नहीं लिया गया। इतना ही नहीं, पीड़ित की शिकायत फर्जी बताकर निस्तारण भी कर दिया। मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा तो गहनता से जांच कराई गई। सच्चाई सामने आने के बाद विभाग जांच हुई। जिसमें बिसरख थाना प्रभारी, राइस चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका सामने आई। पीड़ित सबसे पहले चौकी पर पहुंचा था, इसके बाद थाने पर गया। वहां से पीड़ित की सुनवाई नहीं हुई तो वह सेंट्रल नोएडा डीसीपी ऑफिस गया। जहां से उसे बिसरख थाने पर भेजा गया।