Omex Builders Brother Principal Accountant Booked For Fraud Threat To Kill Also Alleged
ओमैक्स बिल्डर के भाई समेत प्रिंसिपल, अकाउंटेंट और स्टोर इंचार्ज पर केस दर्ज
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, होडल
हसनपुर थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर ओमैक्स बिल्डर्स के भाई और कॉलेज के चेयरमैन जयभगवान गोयल समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, वेतन व पीएफ की राशि हड़पने, दस्तावेजों से छेड़छाड़, साजिश और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। कार्रवाई मां ओमवती डिग्री कॉलेज में माली के पद पर कार्य कर चुके व्यक्ति की शिकायत पर अदालत में दायर इस्तगासा की सुनवाई के बाद की है।हसनपुर थाना प्रभारी इमरोज़ हैदर ने बताया कि सेंडोली निवासी हरिचंद ने दायर शिकायत में बताया कि वह 2006 से मां ओमवती डिग्री कॉलेज में माली के पद पर था। 2021 तक उसका वेतन 15,500 रुपये हो गया था। आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन की ओर से हर माह उसके खाते में वेतन जमा कराने से पहले अकाउंटेंट विजेंद्र कुमार उससे खाली चेक पर जबरन हस्ताक्षर करवा लेता था। इसके बाद खाते में जमा पूरी राशि निकाल ली जाती थी और उसे केवल 8,400 रुपये दिए जाते थे। बाकी राशि पीएफ में जमा कराने की बात कही जाती थी। आरोप है कि अक्टूबर और नवंबर का वेतन भी उसे नहीं दिया गया। जब उसने बकाया वेतन और पीएफ की राशि के बारे में जानकारी मांगी तो उसे बिना नोटिस दिए करीब 17 साल पुरानी नौकरी से निकाल दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, बकाया राशि मांगने पर आरोपियों ने उसके साथ बदसलूकी की और पुलिस या अदालत में जाने पर झूठे मुकदमे में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पीएफ, बकाया राशि और नौकरी वापस देने का आश्वासन देकर उसे धोखे से अदालत में चल रहा पुराना मामला भी वापस लेने के लिए राजी कर लिया। बाद में आरोपियों ने अपने वादे से कथित तौर पर मुकर गए। थाना प्रभारी ने बताया कि न्यायिक मजिस्ट्रेट विवेक कुमार की अदालत के आदेश पर पुलिस ने कॉलेज चेयरमैन जयभगवान गोयल, स्टोर इंचार्ज ललित गुप्ता, प्रिंसिपल ए.के. सिंह और अकाउंटेंट विजेंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।