Cisf Jawan Points Pistol Over Photo Of Woman In Metro Panic Among Passengers
मेट्रो में महिला की फोटो लेने पर विवाद, CISF कर्मी ने तानी पिस्टल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
साकेत मेट्रो स्टेशन पर शनिवार रात करीब 9 बजे महिला यात्री की कथित फोटो लेने को लेकर CISF के ASI और यात्रियों के बीच विवाद हो गया। मामले में आरोपी ASI को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोप है कि महिला के सवाल करने पर ASI ने फोटो लेने से इनकार किया लेकिन बाद में मोबाइल की गैलरी में महिला की कथित तस्वीरें दिखाई दीं। फोटो डिलीट करने की मांग पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर लोगों की ओर तान दी। हालांकि, अगले दिन महिला ने किसी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया।सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला अपनी साथी के साथ थीं। इसी दौरान CISF के ASI एके सिंह ने कथित तौर पर मोबाइल से उनकी कुछ तस्वीरें खींचीं। महिला को शक हुआ तो उन्होंने ASI से पूछा। इसके बाद आसपास के यात्रियों ने भी सवाल किए और बहस होती रही।
आरोप है कि बाद में ASI ने मोबाइल की गैलरी खोली, जिसमें महिला की कथित तस्वीरें दिखाई दीं। महिला ने तस्वीरें डिलीट करने को कहा। इसी दौरान एक शख्स ने कथित तौर पर ASI का मोबाइल लेने की कोशिश की। आरोप है कि ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर वहां मौजूद लोगों की तरफ तान दी। इसके बाद ASI मेट्रो से प्लैटफॉर्म पर उतर गए।