500 E buses To Run In Greater Noida From Next Month Inauguration Before Up International Trade Show
अगले महीने से 500 सिटी बसें सड़कों पर लगेंगी दौड़ने
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा
नोएडा , ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी एरिया में ई-बसों की संख्या 100 से बढ़ाकर 500 की जाएगी। ग्रेटर नोएडा में सितंबर में होने वाले यूपी इंटरनैशनल ट्रेड शो से पहले इन बसों को सड़कों पर उतार दिया जाएगा। सोमवार को चेयरमैन आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई यमुना अथॉरिटी की 92वीं बोर्ड बैठक में यह फैसला लिया गया। इस बैठक में यीडा सीईओ आरके सिंह, एसीईओ शैलेंद्र भाटिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के विकास, रोजगार और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने वाले कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। 500 एकड़ में मेडिकल हब और 480 एकड़ में यूनिवर्सिटी सिटी
सेक्टर-13 और 14 में 500 एकड़ जमीन पर वर्ल्ड क्लास मेडिकल हब बनेगा, जिसमें सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, रिसर्च सेंटर और आयुष सेंटर शामिल होंगे। इसके लिए विश्व बैंक से 3,000 करोड़ रुपये की मदद मिलेगी। सेक्टर-14 में 480 एकड़ में यूनिवर्सिटी सिटी विकसित करने के प्रस्ताव पर भी काम शुरू कर दिया गया है।
किसानों के मुआवजे में 6% की बढ़ोतरी
बोर्ड बैठक में किसानों को बड़ी राहत देते हुए मुआवजा दर 4,300 रुपये से बढ़ाकर 4,558 रुपये प्रति वर्ग मीटर कर दी गई है। वहीं, अगर किसान 7% आबादी भूखंड का विकल्प चुनते हैं, तो उन्हें 4,037 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से मुआवजा मिलेगा। किसान बहुत लंबे समय से बढ़ा हुआ मुआवजा मांग रहे थे।