Kapil Sahu Becomes Champion In Wrestling Exciting 57th Dangal Festival Organized In Lucknow On Nag Panchami
दांव-पेच में कपिल साहू बने चैंपियन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ
नागपंचमी पर चौक स्थित ऐतिहासिक गोमती अखाड़े में 57वें दंगल महोत्सव का आयोजन धूमधाम से हुआ। सुबह से हो रही तेज बारिश के बावजूद पहलवानों का उत्साह कम नहीं हुआ। शहरभर से पहुंचे पहलवानों ने पूजा-अर्चना के बाद 'जय बजरंगबली' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष के साथ ताल ठोंकी।दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुए दंगल का सबसे रोमांचक मुकाबला गत विजेता सर्वेश कश्यप और कपिल साहू के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए खूब दांव-पेंच आजमाए। कड़े मुकाबले में अंततः कपिल साहू ने सर्वेश कश्यप को चित कर इस साल का खिताब अपने नाम कर लिया।
अन्य मुकाबलों में ललित अवस्थी और हिमांशु के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। वहीं संस्कार ने अविराज को शिकस्त दी। इसके अलावा हिमांशु कश्यप, कृष्णा मिश्रा, शिवा अवस्थी, राज कश्यप और दर्श साहू ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर परचम लहराया।
मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने खुद दम्बूल उठाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत करने के साथ वरिष्ठ व पूर्व पहलवानों को सम्मानित किया। इस दौरान आयोजन संयोजक पार्षद अनुराग मिश्रा, ख्यालगोई के गुरु दिनेश गुरु, उत्तम कपूर, डॉ. उमंग खन्ना, डीपी सिंह और डॉ. मनोज गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।