Grand Nagar Bhraman Shobhayatra Of Shri Kothaleshwar Mahadev On Nag Panchami Deputy Cm Brajesh Pathak Also Participated
भ्रमण पर निकले श्री कोतवालेश्वर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ
नागपंचमी पर सोमवार को राजधानी में श्रद्धा और उल्लास के साथ गुड़िया पर्व मनाया गया। चौक स्थित श्री कोतवालेश्वर मंदिर से महादेव चांदी की पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। महंत विशाल गौड़ ने आरती उतारी। बाबा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और होमगार्ड्स बैंड ने मधुर वादन प्रस्तुत किया। यह यात्रा मंदिर से शुरू होकर खुनखुन जी रोड, कोनेश्वर मंदिर, चौक चौराहा, कंचन मार्केट, चरक चौराहा और कमला नेहरू मार्ग होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची।पूरे मार्ग पर सजी रंगोली, झांकियों ने मोहा मन : महाराष्ट्र से आए कलाकारों ने शोभायात्रा के पूरे मार्ग पर आकर्षक रंगोली बनाई। यात्रा में लिल्ली घोड़ी, घोड़े, हाथी, ऊंट, डमरू ग्रुप, बनारस की झांकी, झंकार बैंड, भगवान शिव की 11 फीट ऊंची प्रतिमा और पीले वस्त्रों में झांझ बजाती महिलाएं शामिल हुईं। जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा की।
शोभायात्रा में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक , अपर्णा यादव और भाजपा नेता नीरज सिंह समेत कई हस्तियां शामिल हुईं। इस मौके पर अजय अग्रवाल, सोनू अग्रवाल, आनंद रस्तोगी, अजय खन्ना, संदीप अग्रवाल, अंकुर दीक्षित, पंकज अग्रवाल, अवध अग्रवाल, आशीष मिश्रा, डॉ. राज कुमार वर्मा और पार्षद अनुराग मिश्रा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।