हरदोईया के दंगल में पहलवानों ने दिखाया दम

नवभारतटाइम्स.कॉम
हरदोईया के दंगल में पहलवानों ने दिखाया दम
nNBT न्यूज, नगराम

नागपंचमी के अवसर पर हरदोईया गांव में पारंपरिक दंगल का आयोजन हुआ। इसमें आसपास के जिलों से पहुंचे पहलवानों ने जोर आजमाइश कर दमखम दिखाया। पदेन प्रबंधक व ग्राम प्रधान विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि सोमवार को दिनभर हुई बारिश के कारण मेला व दंगल बाधित रहा, लेकिन शाम चार बजे मौसम साफ होने के बाद कुश्तियां शुरू कराई गईं। दंगल का मुख्य आकर्षण अम्बवा मुर्तजापुर के मशहूर पहलवान आलोक और बछरावां के अशोक के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला रहा, जिसमें आलोक ने बाजी मारते हुए 1,000 रुपये का नकद पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं पहली कुश्ती में बछरावां के अशोक ने साईंखेड़ा के अमरेश को हराया। इसके बाद बछरावां के विशाल ने भी साईंखेड़ा के अमरेश को पटखनी दी। अन्य मुकाबलों में अरुण को हराकर दुर्गेश विजयी रहे, जबकि एक अन्य कुश्ती में आलोक ने दिलीप को चित किया। विजेता पहलवानों को मुख्य पुरस्कार और उपविजेताओं को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान दंगल और मेले में बड़ी संख्या में महिला व पुरुष दर्शक मौजूद रहे।