Bbau To Also Withdraw Student Suspension University Administrations U turn After Protest
BBAU भी वापस लेगा छात्र निलंबन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
Gen-Z के प्रदर्शन के बाद अब सभी विश्वविद्यालय छात्रों पर सीधी कार्रवाई से बच रहे हैं। इसी कड़ी में अब बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय का भी नाम जुड़ गया है। यहां लगभग 26 छात्रों को निलंबित किया था। वीसी कार्यालय में तोड़फोड़ और प्रदर्शन के आरोप में यह कार्रवाई की गई थी। लेकिन अब विवि इस मामले में बैकफुट आ गया है। हाल में विवि में बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक हुई जिसमें विवि की ओर से छात्रों पर कार्रवाई वापस लेने का मुद्दा रखा गया। इस पर एक कमिटी भी बनी है जिसे छात्रों के पक्ष सुने हैं। जल्द ही विवि की ओर से सभी छात्रों पर कार्रवाई वापस लेने का आदेश जारी किया जाएगा। इससे पहले एलयू ने छात्रों का निष्कासन वापस लिया था। बीबीएयू में 29 अप्रैल की रात में छात्रों ने वीसी आवास का घेराव किया। एक छात्रा की उसके घर में मौत हुई थी जिस पर कुछ छात्रों ने विवि पर लापरवाही का आरोप लगाया। इसको लेकर काफी छात्र वीसी आवास में गेट फांद कर घुस गए थे। इसके बाद विवि की ओर से मामले में 20 छात्रों को आरोपी मानते हुए एक सेमेस्टर के लिए निलंबित कर दिया था। वहीं छह छात्रों पर दो सप्ताह के निलंबन व दस हजार जुर्माने की कार्रवाई की गई थी। लेकिन इसको लेकर छात्रों का विरोध शुरू हो गया। इसके बाद कई संगठनों ने भी इसका विरोध किया। ऐसे में अब विवि प्रशासन इस मामले में बैकफुट पर आ गया है।