GMDA ने सड़क से हटाए अवैध कब्जे

नवभारतटाइम्स.कॉम
gmdas encroachment free gurugram campaign illegal occupations removed from 10 km road city to get a new look
nNBT रिपोर्ट, गुड़गांव

जीएमडीए के अतिक्रमण मुक्त गुरुग्राम अभियान के तहत छठे दिन सोमवार को शहर में 10 किलोमीटर सड़क एरिया को अतिक्रमण मुक्त कराया। सुभाष चौक और आसपास के प्रमुख मार्गों पर अवैध शेड, झुग्गियां, नर्सरियां, फर्नीचर व अन्य अस्थायी दुकानें, भवन निर्माण सामग्री, ठेले और अवैध होर्डिंग्स हटाए गए। कार्रवाई का नेतृत्व डीटीपी एन्फोर्समेंट आरएस बाठ ने किया।
जीएमडीए की टीम ने सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक तक 3.5 किलोमीटर लंबे हिस्से में कार्रवाई की। इस दौरान सड़क के राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) में बने 25 अस्थायी ढाबे, रेस्तरां, खोखे, फर्नीचर दुकानों से जुड़े ढांचे हटाए गए। इसके अलावा दो नर्सरियां और तीन भवन निर्माण सामग्री की दुकानें भी हटाई गईं। इस कार्रवाई में निगम के मुख्य चिकित्सा अधिकारी की टीम ने भी सहयोग किया। दूसरी कार्रवाई सुभाष चौक से हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन तक 4.5 किमी क्षेत्र में की गई। सेक्टर-46/47 और 45/46 की डिवाइडिंग रोड पर करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि शहर की सड़कों के निर्धारित राइट ऑफ वे को स्थायी रूप से बहाल करना है। जीएमडीए की कार्रवाई के दौरान हटाए गए मलबे को उठाने के लिए मंगलवार से तीन-चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लगाई जाएंगी।

नगर निगम ने भी तोड़े कब्ज़े: दूसरी ओर नगर निगम की टीमों का शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने का अभियान सोमवार को भी जारी रहा। निगम की टीमों ने सदर बाजार, न्यू कॉलोनी, मदनपुरी मार्केट रोड, फिरोज गांधी कॉलोनी, हीरो होंडा चौक से खांडसा मंडी, श्याम चौक धनकोट के आसपास, सेक्टर-59 और बादशाहपुर एरिया में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। श्याम चौक, धनकोट एवं आसपास के क्षेत्रों में भी नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की।