सोसायटियों के बाहर रोड पर लगने लगे कूड़े के ढेर

नवभारतटाइम्स.कॉम
gurugram sanitation workers strike worsens situation garbage piles on roads outside societies risk of diseases
nNBT न्यूज, गुड़गांव

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को 12वें दिन भी जारी रही। लगातार कूड़ा उठान प्रभावित होने से शहर की रिहायशी सोसायटियों में अब हालात बिगड़ने लगे हैं। कई सोसायटियों में कूड़ा संग्रहण केंद्र भरने के बाद कचरा सोसायटी से बाहर निकलवाकर सड़क किनारे खाली पड़ी जमीनों और अन्य जगहों पर डाला जाने लगा है। इससे सोसायटियों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोग बीमारियों के फैलने की आशंका जता रहे हैं।
कूड़ा न उठाए जाने से परेशान हैं रेजिडेंट्स : सेक्टर-83 की मैप्सको पैराडाइज, एमार पाल्म गार्डंस समेत अन्य सोसायटियों में कई दिनों से कूड़ा जमा है। वाटिका इंडिया नेक्स्ट में भी कूड़ा उठान प्रभावित होने से निवासी परेशान हैं। सेक्टर-112 में टाटा हाउसिंग गुड़गांव गेटवे, विंडचैंट्स और जारा अफोर्डेबल जैसी सोसायटियों में भी कूड़ा जमा होने की समस्या बनी हुई है। सेक्टर-114, बसई गांव, सेक्टर-6 और आसपास के क्षेत्रों में भी सफाई व्यवस्था प्रभावित है।

मजबूरी में सड़क किनारे डालना पड़ रहा कचरा: निवासियों के मुताबिक, सोसायटियों के अंदर कूड़ा जमा होने की जगह कम पड़ने के बाद अब कई जगह कचरे को बाहर खाली जमीनों या सड़क किनारे डालना पड़ रहा है। इससे सड़क किनारे कूड़े के ढेर बढ़ने लगे हैं और शहर में जगह-जगह गंदगी फैलने की स्थिति बन रही है। बारिश और उमस के बीच कूड़े से दुर्गंध आने के साथ मच्छर और कीड़े बढ़ने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

हड़ताल लंबी खिंचने से पैदा हुई समस्या : निवासियों का कहना है कि हड़ताल लंबी खिंचने से हुई समस्या अब केवल सोसायटियों तक सीमित नहीं रही। घरों से निकलने वाला रोजाना का कचरा जमा होने के कारण लोग परेशान हैं और सोसायटियों से बाहर कूड़ा डालने की स्थिति से आसपास के इलाकों में भी सफाई व्यवस्था बिगड़ रही है। लोगों ने नगर निगम से जल्द कूड़ा उठान की व्यवस्था बहाल कराने और सड़क किनारे जमा हो रहे कचरे को तत्काल उठाने की मांग की है।