माफिया प्रवृत्ति युवा शक्ति की सबसे बड़ी दुश्मन : मुख्यमंत्री

नवभारतटाइम्स.कॉम
mafia tendency is the biggest enemy of youth power cm yogi emphasis on promoting sports culture
nNBT न्यूज़, गोरखपुर

माफिया प्रवृत्ति युवा शक्ति की सबसे बड़ी दुश्मन है। शिक्षा माफिया हो, पेशेवर माफिया, ड्रग माफिया हो या किसी भी फील्ड का माफिया। यदि माफिया प्रवृत्ति बढ़ेगी तो सबसे ज्यादा क्षति युवा शक्ति की होगी। युवा शक्ति को बचाने के लिए आवश्यक है कि डबल इंजन सरकार द्वारा बढ़ाई गई खेल संस्कृति को सकारात्मक सोच के साथ सार्थकता प्रदान की जाए। यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में नागपंचमी पर खेल विभाग और जिला कुश्ती संघ की तरफ से आयोजित दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में कहीं।
सीएम योगी ने कहा कि पूर्व की सरकारों के एजेंडे में खेल और युवाओं के लिए कोई जगह नहीं थी। जब इनको सत्ता मिली तो युवाओं के हितों के लिए कुछ भी नहीं किया। सबकुछ माफिया की गिरफ्त में डाल दिया था। किसी युवा के जीवन के साथ खिलवाड़ करने वालों की पूरी प्रॉपर्टी को जब्त करते हुए हम उसके खिलाफ बहुत सख्त कार्रवाई कर रहे हैं।

500 और खिलाड़ियों को नौकरी जल्द: सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेल नीति लाकर यह व्यवस्था बनाई है कि जो भी खिलाड़ी देश के लिए मेडल जीतेगा, हम उसको सीधे सरकारी नौकरी देंगे। अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को नौकरी दे चुके हैं। अगले एक महीने के अंदर 500 और पदक विजेता खिलाड़ियों को नौकरी दी जाएगी।

आकाश को उप्र केसरी का खिताब: सीएम योगी ने उप्र केसरी, उप्र कुमार व उप्र वीर अभिमन्यु खिताब के लिए फाइनल मुकाबले देखने के साथ ही पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर उप्र केसरी का खिताब जीतने वाले गौतमबुद्ध नगर के आकाश को 1.01 लाख रुपये व गदा, उप विजेता गाजियाबाद के प्रशांत कुमार को 51 हजार रुपये, उप्र कुमार का खिताब जीतने वाले वाराणसी के सौरभ को 1.01 लाख रुपये व गदा, उप विजेता जौनपुर के अमित को 51 हजार, वीर अभिमन्यु का खिताब जीतने वाले गाजीपुर के सूरज यादव को 1.01 लाख रुपये व गदा, उप विजेता गोरखपुर के जनार्दन यादव को 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया। इस मौके पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, राज्यमंत्री कमलेश पासवान, मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक श्रीराम चौहान, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी, महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, पूर्व महापौर अंजू चौधरी, डॉ. विभ्राट चंद कौशिक, महंत रविंद्रदास, खेल विभाग के सचिव सुहास एलवाई, खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह, विनोद राय मौजूद रहे।