Sawan Ganga Bathings Havoc 3 Dead 4 Kanwariyas Missing 3 Children Drown In Pond Too
गंगा में डूबने से 3 की मौत, 4 कांवड़िए लापता
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, वाराणसी/शाहजहांपुर/लखीमपुर खीरी: सावन में गंगा स्नान और कांवड़ यात्रा के दौरान अलग-अलग जिलों में हुए हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।
गाजीपुर के मुहम्मदाबाद क्षेत्र में गायत्री गंगा घाट पर सोमवार सुबह स्नान के दौरान तीन दोस्त गहरे पानी में चले गए। युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने एक युवक को निकाल लिया, जबकि शैवटोला निवासी अरुण पांडेय (25) और गुलशन कुशवाहा (24) डूब गए। काफी देर बाद दोनों के शव निकाले जा सके। वहीं, शाहजहांपुर के खुदागंज कस्बे से गोला गोकर्णनाथ के लिए निकले विकास सक्सेना, कमल सक्सेना, योगेश सक्सेना और अर्जुन कश्यप फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर नहाते समय गंगा में डूब गए। तलाश के बावजूद उनका कुछ पता नहीं चल सका। कानपुर में मौसेरे भाइयों समेत चार डूबे : बिठूर क्षेत्र में गंगा के गुदारा घाट पर तड़के स्नान करने आए सतीश सोनकर (18) और आशिक सोनकर (16) डूब गए। गोताखोर की मदद से देर शाम तक तलाश के बावजूद दोनों का कुछ पता नहीं चल सका। दोनों मौसेरे भाई थे। वहीं, महाराजपुर क्षेत्र के ड्योढ़ी घाट पर गंगा में नहाने उतरे कृष्णा (16) और शिवा शुक्ला (17) बह गए।
तालाब में डूबे तीन बच्चे: गोरखपुर के बांसगांव इलाके में सोमवार को नाग पंचमी पर तालाब में नहाने उतरे तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में सचिन (14), हरीश (12) और अनुज (9) शामिल हैं।