Third Monday Of Sawan And Nag Panchami Flood Of Faith In Shiva Temples Devotees Perform Special Puja
सावन के तीसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी आस्था
नवभारतटाइम्स.कॉम•
नाग पंचमी के चलते श्रद्धालुओं ने की विशेष पूजा
- मंदिरों में सुबह से लगा श्रद्धालुओं का तांता, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा शहर- लोगों ने विधि-विधान से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की
NBT न्यूज, गुड़गांव
सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के शुभ संयोग पर सोमवार को शहर के मंदिरों में आस्था का सागर उमड़ा। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। हाथों में पूजा की थाली और जल लेकर पहुंचे भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे।
सावन के तीसरे सोमवार को लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइन नजर आई। भक्तों ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और फूल अर्पित किए। कई श्रद्धालुओं ने मंदिरों में रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना भी की। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और भोलेनाथ के जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।वहीं, नाग पंचमी के अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने नाग देवता की पूजा कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
व्यवस्था संभालने में जुटे रहे वॉलंटियर्स
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर कमिटियों की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई। लाइनों को व्यवस्थित करने, प्रवेश और निकासी व्यवस्था संभालने व बुजुर्ग श्रद्धालुओं की मदद के लिए वॉलंटियर्स तैनात रहे। मंदिर परिसरों में पेयजल और सफाई की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। नाग पंचमी और सावन सोमवार एक साथ होने के कारण मंदिरों में सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ देखने को मिली।