Cab Fare Dispute Leads To Taxi Driver Crushing Victims Head To Death
कैब के पैसे नहीं दिए तो सिर कुचलकर की हत्या
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nनवीन निश्चल, नई दिल्ली
वेस्ट दिल्ली के नारायणा थाना इलाके में सोमवार सुबह हुई एक शख्स की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में नारायणा के ही रहने वाले एक शख्स को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ के बाद वारदात के बारे में पूरी जानकारी पुलिस को मिली है। पकड़ा गया आरोपी टैक्सी ड्राइवर है।जानकारी के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि आरोपी रविवार रात टैक्सी लेकर गुरुग्राम से दिल्ली लौट रहा था। इफको चौक पर उसने एक व्यक्ति को दिल्ली के लिए बैठाया, लेकिन नारायणा पहुंचने पर वह शख्स ना तो किराया दे पा रहा था और ना ही अपनी लोकेशन के बारे में सही जानकारी दे रहा था। वह नशे में भी था। पहले तो टैक्सी ड्राइवर और मरने वाले शख्स के बीच किराए को लेकर बहसबाजी हुई। उसने किराए के बदले कभी शर्ट, कभी पेंट, कभी जूता उतारकर आरोपी ड्राइवर को देने लगा। एक-एक करके उसने नशे में सारे कपड़े उतारकर टैक्सी ड्राइवर पर फेंक दिया, लेकिन बात यही नहीं रुकी। बहसबाजी फिर झगड़े में बदल गई और गुस्से में आकर टैक्सी ड्राइवर ने उस शख्स के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ड्राइवर टैक्सी लेकर वहां से निकल गया।
सोमवार को सुबह स्कूल के पास खून से लथपथ हालत में एक शख्स शव मिला तो हड़कंप मच गया। उसके बाद छानबीन शुरू हुई तो नारायणा थाना, सब डिविजन और जिला के ऑपरेशन सेल की टीम को डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने छानबीन के लिए लगाया। सीसीटीवी फुटेज से मामले के बारे में पुलिस को पता चला कि कौन सी गाड़ी वहां पर आई थी। फिर उसी गाड़ी की जांच के बाद पुलिस इस वारदात में शामिल आरोपी तक पहुंचने में कामयाब हुई। पुलिस ने उस कैब को भी जब्त कर लिया है। अब आगे की विस्तृत पूछताछ की जा रही है, जिससे मृतक की पहचान भी की जा सके। शव को हरि नगर के दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।