n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : एलडीए रिश्वतकांड मामले में विजिलेंस को बिचौलिए श्रवण से कई अहम राज मिले हैं। पूछताछ के दौरान श्रवण ने मोबाइल रिकॉर्डिंग के आधार पर कई अहम खुलासे किए हैं। विजिलेंस पूछताछ के लिए श्रवण को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था। सूत्रों के मुताबिक श्रवण ने बताया है कि वह अवैध निर्माण से जुड़े मामले में अगर जेई या एई उसकी बात नहीं सुनते थे तो उन्हें सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेल किया जाता था। जेई और एई पर दबाव बनाने के लिए 12 से ज्यादा लोगों की मदद ली जाती थी, जो सोशल मीडिया के जरिए इंजिनियरों को बदनाम करते थे। इसके बाद उनसे मामला मैनेज करने के लिए डील हुआ करती थी। वहीं श्रवण से विजिलेंस को एक डायरी मिली है। इस डायरी में उसने जोनवार सुपरवाइजर से लेकर जेई, एई और एक्सईएन के नंबर लिख रखे हैं। यही नहीं, जोनवार अवैध निर्माणों की डिटेल भी दर्ज है।
विजिलेंस को धमकाने का आरोप : विजिलेंस की ओर से रिश्वत कांड से जुड़े लालाबाग स्थित कार्यालय (जोन-2) में तैनात एक सुपरवाइजर को बयान के लिए मोबाइल पर संपर्क किया गया। सूत्रों का कहना है कि सुपरवाइजर ने धमकाया और विजिलेंस दफ्तर आने से मना कर दिया।