Illegal Construction Crackdown Action Continues In Dlf Phase 3 Mahapanchayat On 19th
अवैध निर्माण पर सख्ती के विरोध में आज जुटेंगे लोग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, डीएलएफ
शहर के डीएलएफ फेज-3 में अवैध निर्माण और नियम विरुद्ध चल रहे पीजी व गेस्ट हाउस के खिलाफ मंगलवार को कार्रवाई जारी रही। करीब 1.5 किलोमीटर रोड साइड की जमीन (ROW) को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। उधर, कार्रवाई के विरोध में 19 अगस्त को डीएलएफ फेज-थ्री में रैपिड मेट्रो पार्क में महापंचायत होगी। इसमें जिले के विभिन्न गांवों और कॉलोनियों से भवन मालिकों के साथ बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। लोगों की मांग है कि नई पीजी पॉलिसी, टीओडी पॉलिसी, भवनों से जुड़े नियमों और सीलिंग व तोड़फोड़ की कार्रवाई से संबंधित मुद्दों पर सरकार ध्यान दें। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के डीटीपी एन्फोर्समेंट अमित मधोलिया ने बताया कि W-12/9 में स्टिल्ट प्लस चार इमारत के स्टिल्ट एरिया में अवैध निर्माण को तोड़ा गया। मौके पर प्रोजेक्टर रूम, बार रूम, बेडरूम, ड्राइंग रूम, चार लिफ्ट लॉबी और चार टॉइलट सहित अन्य निर्माण पाए गए। स्टिल्ट पर किए गए सभी अवैध कवर निर्माण को टीम ने ध्वस्त कर दिया। W-5/32 में स्टिल्ट प्लस चार इमारत में कार्रवाई की गई। इमारत में पीजी संचालित किया जा रहा था, जिसमें कुल 28 कमरे थे। सभी कमरों को सील कर दिया गया।