Length Of Elevated Road From Mahamaya To Sector 94 Increased Bridge To Be Built Cost Rs 300 Crore
महामाया से सेक्टर-94 तक एलिवेटेड रोड की लंबाई 500 मीटर बढ़ेगी, पुल भी बनाया जाएगा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-94 तक बनने वाली एलिवेटेड रोड की योजना में बड़ा बदलाव किया गया है। अब यह रोड पहले प्रस्तावित 1.5 किमी के बजाय करीब 2 किमी लंबी होगी। इसके साथ ही महामाया के पास एलिवेटेड रोड से पुश्ते की ओर सीधी कनेक्टिविटी देने के लिए एक पुल भी बनाया जाएगा। लंबाई बढ़ने और पुल को परियोजना में शामिल किए जाने से इसकी अनुमानित लागत करीब 200 करोड़ से बढ़कर 300 करोड़ रुपये पहुंच गई है। नोएडा अथॉरिटी ने प्रारंभिक डीपीआर का अध्ययन करने के बाद मंगलवार को संशोधन के लिए आईआईटी रुड़की भेज दिया है। फाइनल डीपीआर अगले सप्ताह मिलने की उम्मीद है।
करीब डेढ़ महीने से आईआईटी रुड़की इस परियोजना की डीपीआर तैयार कर रहा था। हाल ही में आईआईटी ने प्रारंभिक डीपीआर अथॉरिटी को सौंपी थी। अथॉरिटी ने अध्ययन के बाद इसमें कुछ बदलाव सुझाए हैं। साथ ही नए लागू किए गए पीडब्ल्यूडी रेट के आधार पर लागत का आकलन कर फाइनल डीपीआर तैयार करने को कहा है।