ग्रामीणों ने रखी शर्त: पहले फ्लाईओवर बनाओ फिर कुकड़ोला में टोल प्लाजा

नवभारतटाइम्स.कॉम
kukadola toll plaza shifting villagers condition flyover first then toll
nNBT रिपोर्ट, मानेसर

खेड़कीदौला टोल प्लाजा को कुकड़ोला की तरफ शिफ्ट करने की तैयारियों के बीच ग्रामीणों ने अपनी मांगें साफ कर दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नए टोल प्लाजा के निर्माण से पहले पचगांव चौक पर फ्लाईओवर और अंडरपास बनाया जाए। फ्लाईओवर बनने के बाद कुकड़ोला में टोल प्लाजा बनाया जाता है तो उन्हें आपत्ति नहीं होगी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों के अपने निजी और कमर्शल वाहनों को टोल टैक्स से छूट देने की मांग भी की है।
नैशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ( NHAI ) के प्रॉजेक्ट डायरेक्टर योगेश तिलक का कहना है कि कुकड़ोला में प्रस्तावित बूथलेस टोल प्लाजा की लोकेशन को फाइनल कर इंडियन हाइवे मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (IHMCL) को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा को पूरी तरह से शिफ्ट होने में अभी करीब 6 माह का समय लगेगा। प्रॉजेक्ट के लिए GMDA की ओर से 28 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई जा चुकी है। भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखते हुए मल्टी-लेन फ्री-फ्लो सिस्टम विकसित करने के लिए जगह को रिजर्व रखा जाएगा। टोल प्लाजा के शुरुआती चरण में 10 बूथलेस फास्ट टैग लेन होंगी। ट्रैफिक बढ़ने पर लेनों की संख्या बढ़ाने की व्यवस्था भी रखी जाएगी।

फ्लाईओवर बनने से मिलेगी कनेक्टिविटी : कुकड़ोला के पूर्व सरपंच कृष्ण का कहना है कि पचगांव चौक पर फ्लाईओवर और अंडरपास का पहले ही शिलान्यास किया जा चुका है। ग्रामीणों की मांग है कि आईएमटी मानेसर की तर्ज पर पहले फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाए। इससे आसपास के गांवों और दूसरे क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। पूर्व सरपंच ने कहा कि फ्लाईओवर बनने के बाद टोल प्लाजा बनाया जाता है तो ग्रामीणों को कोई आपत्ति नहीं होगी। अंडरपास बाद में बनाए जाने पर भी उन्हें परेशानी नहीं है, लेकिन फ्लाईओवर को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

रेकमेंडेड खबरें