Get Rc And Order Information Sitting At Home Up Rera Launches E mail Facility
अब घर बैठे ई-मेल से मिलेगी RC और आदेश की जानकारी
Contributed by: Ranvijay.Singh1|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : यूपी रेरा से जुड़े मामलों में आवंटियों समेत सभी फरियादियों को अब रिकवरी सर्टिफिकेट (RC) और सुनवाई के बाद जारी आदेश की जानकारी के लिए रेरा कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्राधिकरण ने घर बैठे ई-मेल के जरिए जानकारी हासिल करने की सुविधा शुरू की है। रेरा चेयरमैन संजय भूसरेड्डी के मुताबिक रेरा बेंच के ई-मेल पर अपने मामले का ब्योरा भेजकर आदेश के पालन, रिकवरी सर्टिफिकेट और उससे जुड़ी कवायद की जानकारी ले सकेंगे।
यूपी रेरा ने मुख्यालय स्थित बेंच से जुड़े मामलों के लिए ईमेल rro.hq@up-rera.in और क्षेत्रीय कार्यालय की बेंचों के लिए ईमेल rro.ncr@up-rera.in जारी किया है। शिकायतकर्ता को ई-मेल में अपना मामला संख्या, रिकवरी सर्टिफिकेट संख्या, प्रॉजेक्ट और बिल्डर का नाम तथा अपनी समस्या का संक्षिप्त विवरण देना होगा। इससे संबंधित बेंच को मामले की पहचान और जानकारी उपलब्ध करवाने में आसानी होगी। यूपी रेरा के मुताबिक कई मामलों में आवंटी या शिकायतकर्ता जरूरी शपथ पत्र समय पर उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। इसके कारण रिकवरी सर्टिफिकेट के जरिए मिलने वाली रकम हासिल करने की प्रक्रिया में देरी हो रही है। प्राधिकरण ने ऐसे मामलों को देखते हुए प्रक्रिया को आसान बनाने के साथ जरूरी दस्तावेज समय पर उपलब्ध करवाने की अपील की है।