Gurgaon Court Lawyers Uproar Work Stoppage Against Misconduct Meeting With District Judge
कोर्ट के पास वकीलों ने किया प्रदर्शन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
जूडिशल मैजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास की कोर्ट में वकीलों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार के विरोध में गुरुवार को वकीलों ने कामकाज का बहिष्कार कर मजिस्ट्रेट की कोर्ट के समक्ष धरना दिया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि इस कोर्ट से लंबे समय से दुर्व्यवहार की शिकायतें मिल रही थीं। वे न्याय प्रणाली में लोगों और कोर्ट के बीच की अहम कड़ी हैं, इसलिए उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यवहार किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। इसकाे लेका दोपहर में जिला बार असोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सूरा से मिला। इसमें अध्यक्ष सीके शर्मा, सचिव राहुल धनखड़, रतन सिंह राघव और कुल भूषण भारद्वाज सहित कई वरिष्ठ वकील शामिल रहे। उन्होंने बताया कि कोर्ट से लंबे समय से दुर्व्यवहार की शिकायतें मिल रही थीं, वकीलों के साथ अभद्रता की जा रही है, जो कि निंदनीय है, इसे किसी भी प्रकार से बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। जिला जज ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि बेंच और बार के बीच बेहतर तालमेल और आपसी सम्मान का माहौल बनाए रखा जाएगा। जिसके बाद वकीलों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।