नई दिल्ली : महीने भर में चीनी का खुदरा भाव 47 रुपये से 61 रुपये प्रति किलोग्राम हो जाने के बीच सरकार ने गुरुवार एक के बाद एक दो फैसले किए। फूड मिनिस्ट्री ने महीने में 10 टन से ज्यादा चीनी इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं पर 1 सितंबर से 30 नवंबर तक के लिए स्टॉक लिमिट लगा दी। वहीं, कॉमर्स मिनिस्ट्री ने टैरिफ रेट कोटा स्कीम के तहत 31 अक्टूबर तक 10 लाख टन रॉ शुगर के ड्यूटी फ्री इंपोर्ट की इजाजत दे दी। करीब एक दशक में यह पहला शुगर इंपोर्ट होगा। सामान्य स्थिति में अभी चीनी आयात पर 100 फीसदी ड़यूटी लगती है।
फूड मिनिस्ट्री ने नोटिफिकेशन में कहा कि महीने में 10 टन से से ज्यादा चीनी इस्तेमाल करने वाले बल्क कंस्यूमर्स 15 दिनों में जितनी चीनी का उपयोग कर सकते हों, उतनी ही रख पाएंगे। इसके दायरे में कन्फेक्शरी और सॉफ्ट ड्रिंक बनाने वालों के अलावा फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स और मिठाइयां बनाने वालों सहित बड़े खरीदार हैं। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के अनुसार, दिल्ली में चीनी का खुदरा भाव महीने भर में करीब 30% बढ़ा है। महाराष्ट्र में गुरुवार को भाव 55.53 रुपये और यूपी में 56.26 रुपये/किलो था। डीलरों पर महीने में 4000 क्विंटल की लिमिट का आदेश 30 नवंबर तक के लिए है।