शिकायत के बाद हार्ट सेंटर का सामान तीसरी मंजिल पर वापस रखा

नवभारतटाइम्स.कॉम
after complaint heart centers goods returned to third floor health department takes action
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

बीके अस्पताल परिसर स्थित हार्ट सेंटर से सामान ले जाने के मामले में स्वास्थ्य विभाग की शिकायत के बाद मंगलवार को दोनों ट्रकों में लदा सामान वापस हार्ट सेंटर की तीसरी मंजिल पर रख दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने मेडिट्रीना हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के हार्ट सेंटर प्रबंधन पर बिना अनुमति उपकरणों को दूसरी जगह ले जाने और पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी थी। फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग की शिकायत के अनुसार हार्ट सेंटर से कार्डियोग्राफ मशीन, अल्ट्रासाउंड तकनीक से जुड़े उपकरण समेत अन्य कीमती सामान को कथित तौर पर ट्रकों में लादकर ले जाने की तैयारी की जा रही थी। विभाग का कहना है कि हार्ट सेंटर पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत पंजीकृत है और यहां इस्तेमाल होने वाले कुछ उपकरण भी इसी अधिनियम के तहत पंजीकृत हैं। पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत पंजीकृत मशीन या उपकरण को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने, हस्तांतरित करने अथवा बेचने-खरीदने से पहले संबंधित जिला समुचित प्राधिकरण से अनुमति लेना जरूरी होता है।