घरेलू मांग और मॉनसून में सुधार से इकॉनमी हुई दमदार: RBI बुलेटिन

नवभारत टाइम्स
घरेलू मांग और मॉनसून में सुधार से इकॉनमी हुई दमदार: RBI बुलेटिन
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि घरेलू मांग में उछाल और औद्योगिक गतिविधियों में तेजी की वजह से भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूती दिखाई है। साथ ही, जुलाई में मॉनसून में आए सुधार से खेती-किसानी पर मंडरा रहा खतरा भी कम हुआ है। आरबीआई ने साफ किया है कि बुलेटिन के लेख में व्यक्त किए गए विचार लेखकों के अपने हैं और ये जरूरी नहीं कि रिजर्व बैंक के आधिकारिक विचारों को दर्शाते हों।

दुनिया भर में चल रही आर्थिक और राजनीतिक उथल-पुथल के बीच RBI ने रिपोर्ट में खास तौर पर बताया है कि अमेरिका द्वारा लगाए गए अतिरिक्त 10% टैक्स (टैरिफ) का असर भारत पर चीन और अन्य एशियाई देशों के मुकाबले कम होने की उम्मीद है। अगस्त के बुलेटिन में छपे एक लेख के मुताबिक, दुनिया इस समय कमजोर भू-राजनीतिक माहौल और व्यापार से जुड़ी अनिश्चितताओं का सामना कर रही है। इसके बावजूद, भारत की इकॉनमी पर इन बाहरी चुनौतियों का असर कम दिखा है। इसकी मुख्य वजह देश के अंदर सामान की अच्छी मांग और मैन्युफैक्चरिंग व सर्विस सेक्टर में बढ़ती रफ्तार है।
जून में बारिश की कमी के बाद जुलाई में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ी। हालांकि खाने-पीने की चीजों की वजह से महंगाई (CPI) में मामूली बढ़ोतरी हुई, लेकिन मुख्य महंगाई दर स्थिर बनी हुई है। इसके अलावा, बाज़ार में नकदी (लिक्विडिटी) की स्थिति सुधरी है, जिससे लोन और निवेश की गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। विदेशी निवेश के दोबारा आने से बाहरी सेक्टर को भी मजबूती मिली है।

अमेरिका द्वारा लगाए गए 10% अतिरिक्त टैक्स (सेक्शन 301 टैरिफ) पर रिपोर्ट में कहा गया कि भारत से अमेरिका जाने वाले मुख्य सामान जैसे स्मार्टफोन, पेट्रोलियम उत्पाद और दवाइयां इस टैक्स के दायरे से बाहर हैं। यही वजह है कि अमेरिकी बाजार में चीन, वियतनाम और थाईलैंड जैसे देशों के मुकाबले भारत पर इसका असर कम पड़ेगा।