Relaxation In Sugar Import Rules Government Gives Big Relief To Importers Attempts To Control Prices
सरकार ने चीनी आयात के नियमों में दी ढील
नवभारत टाइम्स•
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
बढ़ते दाम पर काबू पाने के लिए 10 लाख टन रॉ शुगर के आयात का जो फैसला किया गया था, सरकार ने उसके नियमों में बदलाव कर दिया है। आयातकों के लिए सहूलियत को देखते हुए डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड ने नए नोटिफिकेशन में कहा कि टैरिफ रेट कोटा के तहत जो रॉ शुगर इंपोर्ट की जाएगी, उसे देश में आने की तारीख के दो महीनों के भीतर रिफाइन कर बाजार में उतारना होगा। इस बीच, सरकारी आंकड़ों में राष्ट्रीय स्तर पर चीनी का औसत खुदरा भाव 1 रुपया बढ़कर मंगलवार को 64 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया।करीब एक दशक बाद चीनी आयात की इजाजत देते हुए सरकार ने 20 अगस्त को जो आदेश दिया था, उसमें आयातित चीनी को 31 अक्टूबर तक रिफाइन कर बाजार में उतारने की शर्त थी। ब्राजील जैसे देशों से चीनी आने में 40-45 दिन लग जाते हैं। उसे रिफाइन कर बाजार में उतारने में कुछ और समय लगेगा। इसे देखते हुए नियमों में बदलाव किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, डीजीएफटी के पास आयात की इजाजत के आवेदन आने लगे हैं। इनकी प्रोसेसिंग में 3-4 दिन लग सकते हैं। मंजूरी मिलने के पर इंपोर्ट ऑर्डर देने के बाद कंसाइनमेंट आने की शुरुआत अक्टूबर के तीसरे हफ्ते तक हो सकती है। इंडस्ट्री असोसिएशन ISMA मिलों के साथ मिलकर 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले नए सीजन में पेराई 10-15 दिन पहले शुरू करने की तैयारी में है। ISMA के मुताबिक, इससे अक्टूबर में करीब 10 लाख टन चीनी उत्पादन हो सकता है, जो आमतौर पर 4 लाख टन रहता है।