Learn Values From Mother Before Career Governor Anandiben Patels Advice To Daughters
'करियर के पहले मां से संस्कार सीखें बेटियां'
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, कानपुर : छत्रपति शाहूजी महाराज विवि के दीक्षांत समारोह में गुरुवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने लड़कियों से कहा कि मेडल पाने और करियर बनाने के पहले मां से संस्कार सीखने चाहिए। ऐसा इसलिए आवश्यक है कि करियर के साथ शादी के बाद अपने परिवार को भी ठीक ढंग से संभाल सके। अभिभावक स्कूल-कॉलेज जा रहे बच्चों पर नजर रखें। बेटियों को सशक्त, आत्मनिर्भर और शिक्षित बनाने की जरूरत है। ऐसा न हो कि ससुराल में हलवा बनाने को बोला जाए और बेटी यूट्यूब देखकर अधपका हलवा बनाए।
गवर्नर ने कहा कि प्रदेश के सभी विवि गर्भसंस्कार से जुड़ा सिलेबस तैयार करें। गर्भवती होने पर महिलाएं डॉक्टर को जरूर दिखाएं। कई बार गर्भस्थ के अंग विकसित नहीं होते हैं। उन्होंने देश में दिव्यांगता बढ़कर 4% होने पर चिंता जताई। लड़कियों को सलाह दी कि सास की सेवा से शांति रहेगी। उत्सर्ग से कानुपर पहुंचीं राज्यपाल: राज्यपाल आनंदी बेन पटेल समारोह में शामिल होने के लिए ट्रेन से कानपुर पहुंची। उत्सर्ग एक्सप्रेस की एसी प्रथम बोगी से लखनऊ से रवाना हुईं। इस दौरान आरपीएफ, जीआरपी और लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। राज्यपाल शुक्रवार को उत्सर्ग एक्सप्रेस से ही आएंगी। उनकी अगली यात्रा लखनऊ से प्रयागराज के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस से होगी।