ऑरेंज अलर्ट पर स्कूल भी सतर्क, हाफ डे किया तो कहीं एक्स्ट्रा क्लास हुई रद्द

नवभारतटाइम्स.कॉम
orange alert half day in gurugram schools extra classes cancelled child safety paramount
n NBT न्यूज, गुड़गांव

मौसम विभाग (IMD) की ओर से गुरुवार के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट का असर गुड़गांव के स्कूलों में भी देखने को मिला। भारी बारिश और संभावित जलभराव की चेतावनी को देखते हुए शहर के कई निजी स्कूलों ने एहतियाती कदम उठाए। जलभराव प्रभावित मार्गों वाले कुछ स्कूलों ने छात्रों की समय से पहले छुट्टी कर दी जबकि कई स्कूलों ने निर्धारित अतिरिक्त कक्षाएं रद्द कर दीं। स्कूल प्रबंधन ने सुबह से ही अभिभावकों को वॉट्सऐप ग्रुप, मोबाइल ऐप और मेसेज के जरिए बदले हुए शेड्यूल की जानकारी दे दी। जिन स्कूलों तक पहुंचने वाले रास्ते हर मानसून में जलभराव और ट्रैफिक जाम से प्रभावित रहते हैं, वहां दोपहर से पहले ही छात्रों को सुरक्षित घर भेजने का फैसला लिया गया। कई अभिभावकों को बच्चों को तय समय से पहले लेने के लिए भी सूचित किया गया।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए गुड़गांव सहित एनसीआर में भारी बारिश, तेज हवाओं और जलभराव की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन पूरे दिन सतर्क रहे और किसी भी संभावित जोखिम से बचने के लिए एहतियाती व्यवस्था कर ली। हालांकि दिनभर शहर में मौसम विभाग की आशंका के अनुरूप बारिश नहीं हुई। बादलों की आवाजाही बनी रही लेकिन बारिश नहीं हुई। स्कूलों के प्रबंधन के अनुसार मौसम संबंधी चेतावनी को नजरअंदाज करने के बजाय छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी था।शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि दो दिन पहले गुड़गांव में मानसून के दौरान अचानक जलभराव और यातायात बाधित होने की घटनाओं को देखते हुए ऑरेंज और रेड अलर्ट के दौरान स्कूल प्रबंधन पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्था और एहतियाती फैसले लेने लगे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

रेकमेंडेड खबरें