Roads Turn Into Ponds In Faridabad Due To Rain Smart City Claims Drowned
सड़कें बनीं तालाब, डूबे दावे
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
कई दिनों से हो रही बारिश ने अब स्मार्ट सिटी की सूरत बिगाड़ दी है। पूरा शहर जलमग्न हो चुका है। शहर के लगभग सभी इलाकों में बरसाती पानी के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जगह-जगह जलभराव ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के दावे खोखले साबित कर दिए। रेलवे अंडरपास में भी पानी भर गया है। बावजूद नगर निगम अधिकारियों का दावा है कि बारिश के कुछ घंटों बाद पानी निकल जाए तो उसे जलभराव नहीं कहा जा सकता और पानी निकालने के लिए पूरा सिस्टम कार्य में लगा हुआ है। सेक्टर-30 पुलिस लाइन के निकट सीवर ओवरफ्लो होने के कारण स्कूल के गेट पर पानी जमा हो गया। दो दिन की बारिश में कंट्रोल रूम में जलभराव की 50 शिकायतें आई हैं। जलभराव की जानकारी 0129-2411664 और 0129-2415549 पर लोग दे सकते हैं। नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि जब तक बारिश हुई है, तब तक पानी रोड व निम्न स्तर पर दिखाई दिया। जहां झील है, वहां जरूर पानी भरा है। लेकिन एफएमडीएम, एनएचएआई, निगम के अथक प्रयास के चलते इस बार जलभराव कम देखने को मिलेगा।