Womans Suspicious Death Case Registered Against Husband And 7 Others For Murder And Dowry Harassment
महिला की संदिग्ध हालात में मौत, पति सहित 7 पर FIR
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
बल्लभगढ़ के आदर्श नगर में रहने वाली महिला (32) की बुधवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, मायके पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस के समझाने पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। आदर्श नगर थाना पुलिस ने महिला के पिता की शिकायत पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताड़ना समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, जवां गांव निवासी वीरेंद्र ने दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी लक्ष्मी उर्फ चांदनी की शादी 30 अप्रैल 2012 को आदर्श नगर निवासी संजय से की थी। शादी में उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब 25 लाख रुपये खर्च कर दान दहेज दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद संजय और उसके परिवार के लोग दहेज से संतुष्ट नहीं थे और शादी के बाद से ही उनकी बेटी को प्रताड़ित करने और मारपीट करने लगे। इस दौरान उसने दो बेटों को जन्म दिया, लेकिन ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि करीब 18-20 दिन पहले संजय उनकी बेटी को गांव छोड़कर चला गया था। बाद में समझौते के प्रयास के बाद उन्होंने बेटी को फिर ससुराल भेज दिया। वीरेंद्र का आरोप है कि बुधवार को बेटी ने फोन कर बताया था कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है।