भाजपा राज में बदली बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर: योगी

नवभारतटाइम्स.कॉम
yogis claim bundelkhands picture and destiny changed under bjp rule inaugurates and lays foundation for development projects
nNBT न्यूज, बांदा: 2017 से पहले और आज का बुंदेलखड़ पूरी तरह से अलग है। तब यहां पलायन और पिछड़ापन था। भू-माफिया, खनन माफिया, वन माफिया का राज था। पीएम के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से बुंदेलखंड को नई पहचान मिली है। यह बात सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा के पंडित जेएन डिग्री मॉलेज में 710 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कही। सीएम ने बुंदेलखंड में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में यहां की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं।

सीएम ने कहा कि पहले प्रदेश को लूटा जाता था। गरीबों के लिये कोई योजना नहीं थी। आज हर योजना का लाभ गरीबों को मिल रहा है। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को सीधे यमराज के पास भेज दिया जाता है। साथ ही कहा कि सपा के शासन काल मे सारा पैसा कब्रिस्तान मे लगता था। भाजपा सरकार में यहीं मंदिरों और विकास कार्यों मे लग रहा है। सपा पोषित माफिया के कब्जे से 64 हजार एकड़ जमीन खाली करवाई गई है। पहले बुंदेलखंड में सड़क, सिंचाई और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। इसके चलते युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था। अब क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है।
कांग्रेस, सपा पर साधा निशाना: मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान विकास कार्यों की उपेक्षा की गई। आरोप लगाया कि तब प्रदेश की व्यवस्था संभालने वाले जनता के हितों के बजाय अन्य कार्यों में व्यस्त रहते थे। वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। गरीबों को मुफ्त राशन, आवास, उज्ज्वला योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

संवारे जा रहे धार्मिक, सांस्कृतिक स्थल: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और मां विंध्यवासिनी धाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं ने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती दी है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

रेकमेंडेड खबरें