Allegation Of Theft Of 200 Grams Of Gold And 15 Lakhs After The Death Of An Elderly Person Suspicion On Caretaker
बुज़ुर्ग की मौत के बाद 200 ग्राम सोना व 15 लाख चोरी का आरोप
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
सूरजकुंड थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की मौत के बाद उनके घर से करीब 200 ग्राम सोना और 15 लाख रुपये नकद चोरी करने का मामला सामने आया है। मृतक के दामाद ने केयरटेकर और उसके साथियों पर चोरी और आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सेक्टर-37 निवासी अतुल गोयल ने बताया कि उनके ससुर आनंद स्वरूप गर्ग का 9 जून को निधन हो गया था, जबकि अगले दिन उनका अंतिम संस्कार किया गया। 84 साल के आनंद स्वरूप गर्ग सेक्टर-46 स्थित अपने मकान में अकेले रहते थे। उनकी देखभाल के लिए दिनेश कुमार नामक व्यक्ति को नौकरी पर रखा गया था।
संदिग्ध फोन कॉल मिलने पर हुआ शक : शिकायत के अनुसार, अंतिम संस्कार के बाद कुछ संदिग्ध फोन कॉल मिलने पर परिवार को केयरटेकर दिनेश कुमार पर शक हुआ। इसके बाद मोबाइल फोन की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की गई। आरोप है कि रिकॉर्डिंग में दिनेश कुमार अपने रिश्तेदारों और अन्य साथियों के साथ बुजुर्ग की मौत के तुरंत बाद चोरी की योजना बनाते और उसे अंजाम देने की बातचीत करता सुनाई देता है। शिकायतकर्ता का दावा है कि ऑडियो रिकॉर्डिंग से पता चलता है कि आरोपियों ने करीब 200 ग्राम सोना और लगभग 15 लाख रुपये नकद चोरी किए।
इसके अलावा रिकॉर्डिंग में यह भी उल्लेख है कि दिनेश कुमार ने मरने से पहले ही करीब 8.50 लाख रुपये भी प्राप्त किए थे। शिकायतकर्ता ने पुलिस को एक पेन ड्राइव सौंपी है, जिसमें कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। जांच अधिकारी का कहना है कि पेन ड्राइव में उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग की फरेंसिक जांच कराई जाएगी और उसकी सत्यता की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।