स्टेडियमों की बदहाली : जींद और रेवाड़ी के डीसी से जवाब तलब

नवभारतटाइम्स.कॉम
स्टेडियमों की बदहाली : जींद और रेवाड़ी के डीसी से जवाब तलब
NBT न्यूज, चंडीगढ़

हरियाणा के दो सरकारी खेल स्टेडियमों की बदहाल व्यवस्था पर हरियाणा ओलंपिक असोसिएशन (एचओए) ने कड़ा रुख अपनाया है। एचओए के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल तथा महासचिव और कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने जींद और रेवाड़ी के उपायुक्तों को रविवार को अलग-अलग ‘मोस्ट अर्जेंट' पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप करने को कहाहै। सोशल मीडिया पर दोनों स्टेडियम की खस्ताहालत के विडियो वायरल होने पर यह कदम उठाया गया। खास बात यह है कि जींद के जुलाना स्टेडियम में आपत्तिजनक सामान मिलने की बात भी सामने आई है, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। यह वही स्टेडियम है, जिसकी बदहाली का मुद्दा ओलिंपियन और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट पहले भी विधानसभा में उठा चुकी हैं।
जींद के उपायुक्त को भेजे गए पत्र में एचओए ने रविवार को कहा कि यदि सोशल मीडिया पर सामने आई पिक्चर सही हैं तो स्टेडियम की स्थिति न केवल बेहद चिंताजनक है बल्कि खेल प्रतिभाओं के प्रशिक्षण के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त भी है। पत्र में कहा गया है कि स्टेडियम में रखरखाव, प्रबंधन और बुनियादी खेल सुविधाओं की गंभीर कमी दिखाई देती हैे। रेवाड़ी के कोसली स्पोर्ट्स स्टेडियम को लेकर भेजे गए पत्र में एचओए ने विशेष रूप से वॉशरूम पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है।

रेकमेंडेड खबरें