यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भय, दहशत और असुरक्षा का माहौल था। उस समय बुलंदशहर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दंगे होते थे और कर्फ्यू लगता था। उस दौर में बेटियां और व्यापारी स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे। कई परिवारों ने तो अपनी बेटियों की पढ़ाई तक बंद करवा दी थी। पहले हर जिले में माफिया और हर थाने में वसूली का सिंडिकेट सक्रिय था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। सरकार ने माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। हमने कहा था कि माफिया को मिट्टी में मिलाएंगे और ऐसा करके दिखाया भी है। बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल दो ही जगहें हैं—जेल या जहन्नुम।योगी ने शनिवार को बुलंदशहर व सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र में 574 करोड़ रुपये से अधिक की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, चेक, चाबी, थर्मल प्रिंटर, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, सब्सिडी, टूलकिट एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। इससे पहले प्रदर्शनी देखने के दौरान उन्होंने छोटे बच्चों को खिलौने देकर दुलार भी किया।
सीएम योगी ने कहा कि देश का सबसे बड़ा गंगा एक्सप्रेसवे बुलंदशहर से होकर गुजर रहा है, जिससे प्रयागराज तक की यात्रा करीब पांच घंटे में पूरी होगी।
जनप्रतिनिधियों की मांग पर गंगा एक्सप्रेसवे को जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे को भी स्वीकृति दे दी गई है। किसानों के मुआवजे में बढ़ोतरी की मांग भी सरकार ने मान ली है।
उन्होंने कहा कि आज बुलंदशहर में विकास, सुरक्षा और समृद्धि एक साथ दिखाई देती है। खुर्जा की क्रॉकरी को वैश्विक पहचान मिली है। युवाओं को छात्रवृत्ति और रोजगार मिल रहा है।