वाहन ने तोड़ा फाटक, लगा जाम

नवभारतटाइम्स.कॉम
high speed vehicle breaks railway gate causing a two hour long traffic jam in hapur
n NBT न्यूज, हापुड़

थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में रेलवे फाटक पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार तेज रफ्तार वाहन ने बंद हो रहे ऑटोमेटिक बूम में टक्कर मार दी। इससे बूम टूट गया, जिससे ट्रेन निकलने के बाद भी फाटक नहीं खुल सका और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों को दो घंटे जाम से जूझना पड़ा। जानकारी के अनुसार, अल्लाहबख्शपुर स्थित रेलवे फाटक पर शुक्रवार देर रात 11 बजे ट्रेन गुजरने वाली थी। इस कारण फाटक बंद किया जा रहा था। इसी दौरान NH-9 की तरफ से तेज गति से आए वाहन चालक ने फाटक पार करने की कोशिश में बूम में टक्कर मार दी। इससे बूम टूट गया। हादसे के बाद चालक कुछ देर रुका, लेकिन भीड़ जुटती देख वाहन लेकर फरार हो गया। बूम क्षतिग्रस्त होने से ट्रेन गुजर जाने के बाद भी फाटक नहीं खुल सका। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और दूर से आने वाले यात्रियों को हुई। कई लोग वैकल्पिक रास्तों की तलाश में भटकते रहे। सूचना पर आरपीएफ और स्टेशन प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। तकनीकी कर्मियों ने क्षतिग्रस्त बूम को हटाकर रिजर्व स्लाइडिंग बूम लगाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।